पटना नगर निगम ने चलाया था बुलडोजर, सोनू सूद ने वापस दिलवाया ग्रेजुएट चायवाली का स्टॉल

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ग्रेजुएट चायवाली खूब सुर्खियाँ बटौर रही हैं, जो बिहार के पटना शहर में चाय का स्टॉल लाकर अपना स्टार्टअप चला रही थी। लेकिन कुछ समय पहले पटना नगर निगम द्वारा ग्रेजुएट चायवाली के स्टॉल को हटा दिया गया था, जिसकी वजह से उनकी कमाई का जरिया खत्म हो गया था।

ऐसे में एक्टर सोनू सूद ने ग्रेजुएट चायवाली की मदद की और पटना नगर निगम से बातचीत करके उनका स्टॉल वापस दिला दिया है। इस बात की जानकारी सोनू सूद ने खुद ट्वीट के जरिए आम लोगों को दी है, जबकि उन्होंने ग्रेजुएट चायवाली के हाथ से बनी चाय पीने की इच्छा भी जारी की है।

कौन है ग्रेजुएट चायवाली?

बिहार के पटना शहर में रहने वाली प्रियंका गुप्ता ने कुछ महीने पहले चाय का एक छोटा-सा स्टॉल शुरू किया था, जिसे प्रियंका ने ग्रेजुएट चायवाली नाम दिया था। प्रियंका का यह स्टॉल काफी ज्यादा फेमस हुआ था, जिसकी वजह से कई फूड ब्लॉगर्स और एक्टर विजय देवरकोंडा भी उनके स्टॉल में जाकर चाय पी चुके हैं।

लेकिन प्रियंका गुप्ता की यह खुशी ज्यादा लंबे समय तक नहीं टिक पाई, क्योंकि नगर निगम द्वारा उनके स्टॉल को सील कर दिया गया था। बिहार प्रशासन का कहना था कि ग्रेजुएट चायवाली का स्टॉल नियमों के तहत नहीं लगाया गया है, जिसकी वजह से उनके टी स्टॉल को पटना विमेन्स कॉलेज के सामने से हटा दिया गया था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

ऐसे में प्रियंका गुप्ता ने अपना टी स्टॉल दोबारा से शुरू करने के लिए बिहार प्रशासन से गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। ऐसे में प्रियंका ने सोशल मीडिया पर रोते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह ये कह रही हैं कि बिहार में लड़कियों की औकात सिर्फ कीचन में रहकर खाना बनाते तक ही सीमित है। यहाँ लड़कियों को आगे बढ़ने का कोई हक नहीं है।

नवंबर 2022 में प्रियंका गुप्ता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा था, जिसके बाद एक्टर सोनू सूद उनकी मदद के लिए आगे आए। सोनू सूद ने बिहार प्रशासन से बातचीत करके प्रियंका गुप्ता को टी स्टॉल लगाने के लिए नई जगह अलॉट करवा दी है, जिसके बाद ग्रेजुएट चायवाली फिर से अपना स्टार्टअप शुरू कर सकती हैं।

सोनू सूद ने की ग्रेजुएट चायवाली की मदद

सोनू सूद ने ट्वीट करते हुए लिखा कि प्रियंका की चाय की दुकान के लिए जगह की व्यवस्था करवा दी है, अब प्रियंका को वहाँ से कोई नहीं हटाएगा। बिहार आकर जल्द आपके हाथ की चाय पीते हैं, जय हिंद। सोनू सूद ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जिसकी कोई नहीं सुनता है, उसकी सोनू सूद सुनते हैं और उनकी मदद करते हैं।

Read Also: एक शख्स के पास नहीं थे दोनों हाथ, Sonu Sood से मांगी मदद और मिल गई नई जिंदगी