World Photography Day 2023: प्रत्येक साल 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस (World photography day) मनाया जाता है। यह दिन हमारी ज़िंदगी में फोटोग्राफी की अहमियत को बताता है।
विश्व फोटोग्राफी दिवस 2023 (World Photography Day 2023)
फोटोग्राफ्स सिर्फ हमारी यादों को ही नहीं बल्कि संस्कृति और इतिहास को भी संजोए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। हम तस्वीरों के जरिए ही विश्व के इतिहास को समझ सकते हैं। पहले की संस्कृति, रहन सहन और खान पान के तरीकों को जान सकते हैं। इसलिए फोटोग्राफरों की मेहनत, उनकी कला और योगदान की प्रशंसा के लिए आज का दिन मनाया जाता है।
विश्व फोटोग्राफी दिवस का इतिहास (History of World Photography Day)
वर्ल्ड फोटोग्राफी डे मनाने की शुरुआत 1837 में फ्रांस के जोसेफ नीसेफोर और लुएस डैगर के द्वारा ‘डॉगोरोटाइप’ के आविष्कार से हुई थी। यह दुनिया की पहली फोटोग्राफी प्रक्रिया थी। 19 अगस्त 1839 को फ्रांस सरकार ने ‘डॉगोरोटाइप’ आविष्कार की घोषणा की और इसका पेटेंट प्राप्त किया। इसलिए तत्कालीन सरकार की घोषणा के बाद इस महत्वपूर्ण दिन को प्रत्येक वर्ष विश्व फोटोग्राफी डे के रूप में मनाया जाने लगा।
विश्व फोटोग्राफी दिवस – पहली तस्वीर
1839 में, रॉबर्ट कॉर्नेलियस ने फिलाडेल्फिया में अपने पिता की दुकान की छवि कैद करने के लिए कैमरा का उपयोग किया और सेल्फी ली थी। फोटो क्लिक करने के लगभग 3 मिनट बाद पोट्रेट तस्वीर बाहर निकल कर आई थी। रॉबर्ट की यह तस्वीर यूनाइटेड स्टेट लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस प्रिंट में सहेज कर रखी गई है। इसके बाद पहली रंगीन तस्वीर 1861 में ली गई और पहली डिजिटल तस्वीर 1957 में बनाई गई।
वर्ल्ड फोटोग्राफी डे 2023 थीम (World Photography Day 2023 Theme)
वर्ल्ड फोटोग्राफी डे के अवसर पर लोग विभिन्न फोटोग्राफी संबंधित आयोजनों, प्रदर्शनियों, संवादों और कार्यशालाओं में भाग लेते हैं। इसके लिए वार्षिक रूप से एक थीम चुनी जाती है। इस वर्ष, विश्व फोटोग्राफी दिवस 2023 की थीम ‘लैंडस्केप’ है।