Homeप्रेरणादिव्यांग होने के बावजूद यह किसान मेहनत से बना करोड़पति, पद्म श्री...

दिव्यांग होने के बावजूद यह किसान मेहनत से बना करोड़पति, पद्म श्री पुरस्कार सहित हासिल किए 17 अवार्ड्स

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Successful Farmer Genabhai Dargabhai Patel – मन में सच्ची लगन हो तो तमाम मुश्किलों के बावजूद कामयाबी की राहें मिल ही जाती हैं। इसी बात का जीता जागता उदाहरण प्रस्तुत किया है गुजरात के रहने वाले एक दिव्यांग किसान ने, जो अपनी मेहनत से अनार की खेती करके आज प्रति वर्ष करोड़ों रुपए की कमाई कर रहे हैं। इतना ही नहीं इन्होंने अपनी काबिलियत के दम पर पदम श्री पुरस्कार सहित कुल 17 अवार्ड भी हासिल किए हैं और अब तो इन से प्रेरणा लेकर गाँव के लगभग 150 किसानों ने भी करीब 1500 बीघा ज़मीन पर अनार की खेती का काम शुरू कर दिया है तथा लाखों रुपए का मुनाफा भी कमाते हैं।

इन किसान का नाम है, गेनाभाई दरगाभाई पटेल (Genabhai Dargabhai Patel) , जो गुजरात के बनासकांठा जिले में रहते हैं। चलिए अब इनके बारे में और विस्तार से जानते हैं…

tribe.kenfolios.com

पोलियो की बीमारी से हुए ग्रस्त, बचपन से कई संघर्षों का सामना किया

बनासकांठा के लाखणी के सरकारी गोरिया गाँव के रहने वाले गेनाभाई दरगाभाई पटेल की आयु 53 वर्ष है। उन्होंने 12 वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वैसे तो गेनाभाई 15 वर्षों से खेती का कार्य कर रहे हैं, परन्तु अनार की खेती वे 9 सालों से ही कर रहे हैं। वह एक किसान परिवार से सम्बन्ध रखते हैं। उनके पिताजी और भाई सभी मिलकर सारा दिन खेती का कार्य ही किया करते थे। लेकिन गेनाभाई को उनके परिवार वालों ने खेतों में काम करने को नहीं कहा था, क्योंकि उन्हें पोलियो होने की वज़ह से उनके दोनों पैर खराब हो गए थे।

उनके पिताजी चाहते थे कि वह अच्छी शिक्षा प्राप्त करके अपने जीवन को बेहतर बनाएँ। इसी कारण से उन्होंने गेनाभाई का एडमिशन अपने घर से 30 किलोमीटर दूर एक हॉस्टल में करवा दिया था ताकि वे अच्छे से पढ़ाई कर सकें। लेकिन उनका परिवार शिक्षित नहीं था इसलिए स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के पश्चात ही उन्हें परिवार वालों ने फिर से गाँव में बुलवा लिया।

विकलांग होने की वज़ह से गेनाभाई खेती के काम में तो अपने पिताजी और भाइयों की सहायता नहीं कर पाते थे अतः उनकी मदद करने के लिए उन्होंने ट्रेक्टर चलाना सीख लिया। वह एक कुशल ट्रैक्टर ड्राइवर बन गए थे, बल्कि यूं कहें कि अपने गाँव के सबसे अच्छे ट्रेक्टर ड्राइवर बन गए थे। इसके साथ ही वे फसलों की देखरेख का काम भी किया करते थे।

www.thebetterindia.com

मोदी जी के भाषण से हुए प्रभावित, अनार की खेती करने का निश्चय किया

गेनाभाई ने बताया कि 2004-05 में जब वे डीसा में आयोजित एक कृषि मेले के दौरान देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से पहली बार मिले, तो उनके भाषण से प्रभावित होकर उन्होंने दोनों पैरों में विकलांगता होने के बावजूद खेती में कुछ नया करने का सोचा तथा वर्ष 2004 में आधुनिक तरीके से खेती शुरू करने का विचार किया।

52 साल के गेनाभाई का कहना है-“मैं खेती करना चाहता था इसलिए मैंने फसलों को देखना शुरू किया कि कौन-सी खेती मेरे अनुकूल होगी। कुछ ऐसा जिसे केवल एक बार उगाने की ज़रूरत हो और लम्बे समय के लिए रिटर्न्स मिले।”

पहले वे आम की खेती करना चाहते थे, पर यह थोड़ा रिस्की होता है, इसलिए उन्हें आम की खेती पर निवेश करना ठीक नहीं लगा, क्योंकि आम साल में केवल एक बार ही उगता है और यदि फ़सल ख़राब हो गई तो किसान की मेहनत भी बेकार जाती है तथा उसे सारा साल इंतज़ार करना पड़ता है। उन्होंने कई सारे एग्रीकल्चर ऑफिसर व यूनिवर्सिटी से खेती के लिए सुझाव लिए, फिर वे इस नतीजे पर पहुँचे कि उनके लिए अनार की खेती चुनना ही सही रहेगा।

www.thebetterindia.com

दोनों पैरों से दिव्यांग होने पर भी शुरू की अनार की खेती

खेती से जुड़ी और ज़्यादा जानकारी हासिल करने के लिए उन्होंने गुजरात, महाराष्ट्र व राजस्थान का दौरा भी किया और जब वे महाराष्ट्र में दौरे पर थे तो उन्हें उनके सारे सवालों का जवाब मिल गया। महाराष्ट्र में सफ़र करने के दौरान ही उन्होंने अनार की खेती करने का फ़ैसला किया। उनके पास अपनी स्वयं की खेती योग्य भूमि तो थी ही, परंतु वह बचपन से ही दिव्यांग थे, इसलिए उन्हें हिचकिचाहट थी कि वे यह खेती कर पाएंगे या नहीं। फिर उन्होंने अपने इरादों को मज़बूत किया और अपने फैसले पर अमल करने का सोचा।

इस खेती की शुरुआत के लिए पहले उन्होंने महाराष्ट्र से 15 रुपये प्रति पेड़ की दर से 6,000 पौधे खरीद लिए। जिसके लिए उन्हें 1.5 लाख रुपये का ख़र्च करना पड़ा था। 2004 और 2007 के बीच उन्होंने 18, 000 पौधे लगाए। उन्होंने खेती के लिए आधुनिक तरीकों का उपयोग किया। बस, फिर क्या था उन्हें कभी पीछे मुड़कर देखने की आवश्यकता नहीं पड़ी और आज गेनाभाई एक कामयाब किसान हैं तथा सभी किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं।

शुरुआत में कई बाधाएँ आयीं, परिवार ने दिया साथ

उनके गाँव के लोगों के लिए अनार की फ़सल कोई सामान्य फ़सल नहीं थी। इस वज़ह से बहुत से लोग गेनाभाई के फैसले से असहमत थे। लेकिन उनके परिवार ने उनका पूरा साथ दिया था, उनके फैसले को रजामंदी देकर बीज लगाने में भी उनकी सहायता की। पर अभी उनका संघर्ष ख़त्म नहीं हुआ था। उन्हें अपनी फ़सल के लिए खरीददार भी नहीं मिल पा रहे थे। फिर उन्होंने इस समस्या को भी अपने एक आईडिया से सुलझा लिया। उन्होंने एक ऐसे कस्टमर को अपनी फ़सल बेची जो की सीधे खेतों से ही उनके प्रोडक्ट ले जाया करे। इस वज़ह से उनको अपनी फ़सल बेचने के लिए जयपुर या दिल्ली भी नहीं जाना पड़ा।

CCTV कैमरे से रखते थे फसलों पर नजर, ड्रिप विधि से की सिंचाई

दिव्यांग होने के कारण गेनाभाई खेतों में घूम-घूम कर फ़सल का मुआयना नहीं कर पाते थे, इसलिए हर एक पेड़ पर नज़र रखने के उन्होंने ने सारे खेत में CCTV लगवाए। उन्होंने अपनी फ़सल इस प्रकार से उगाई, जिससे ट्रायसिकल से भी वे हर एक पौधे तक पहुँच सकें। अनार की खेती शुरू करने के कुछ समय बाद ही उनके जिले में पानी की किल्लत आ गई थी। पानी की कमी होने की वज़ह से वहाँ के किसानों को खेती में बहुत परेशानी आने लगी। परन्तु गेनाभाई ने इस परेशानी का भी हल निकाला तथा ड्रिप सिंचाई तकनीक को अपनाकर फसलों की सिंचाई की। पानी की बचत भी हो गयी।

www.thebetterindia.com

अब अनार की खेती के लिए विख्यात है बनासकांठा

गुजरात में स्थित बनासकांठा अनार की खेती के लिए जाना जाता है। यहाँ पर उगाए जाने वाले अनार ना सिर्फ़ देश भर में बल्कि बहुत से दूसरे देशों जैसे श्रीलंका, मलेशिया, दुबई और यूएई इत्यादि में भी एक्सपोर्ट किया जाता है और विदेशों में जो अनार एक्सपोर्ट किया जाता है उसमें गेनाभाई का काफ़ी हद तक योगदान रहा है। समय बीतने के साथ-साथ बनासकांठा में अनार का उत्पादन भी बढ़ गया है और पिछले 12 वर्षों में यहाँ पर लगभग 35 हज़ार हेक्टेयर भूमि पर अनार उगाया जा रहा है। यह ज़िला बागवानी में सबसे आगे है और यहाँ पर अधिकतर कृषक अनार की खेती हेतु ड्रिप सिंचाई तकनीक का उपयोग किया करते हैं।

2012 में जहाँ लाखों की कमाई होती थी वह अब करोड़ों तक पहुँच गई है

गेनाभाई ने दिव्यांग होने के बावजूद अपनी लगन और अटल निश्चय से खेती में सफलता प्राप्त की। हर वर्ष उनका उत्पादन और मुनाफा बढ़ता चला गया। जब गाँव के सारे किसान खेती करके 20,000 से 25,000 रुपये ही कमा पाते थे, तब भी गेनाभाई 10 लाख रुपये तक की कमाई कर लेते थे।

साल 2012 में उन्हें अनार के उत्पादन में लगभग 26 टन का इज़ाफ़ा हुआ। परन्तु उस वर्ष में उन्होंने वे अनार 66 रुपये प्रति किलो की दर से बेचे थे। इस वज़ह से उन्हें 17.16 लाख प्रति हेक्टेयर की बजाय 20 लाख रुपये का मुनाफा हुआ। इस तरह गेनाभाई, जो 15.16 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की कमाई करते थे, उन्होंने 75.80 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया और फिर वर्ष 2018 तक तो उनकी आमदनी और बढ़ गई तथा अब तो वे करोड़ों रुपए की कमाई करते हैं।

7 सर्वश्रेष्ठ किसान पुरस्कार तथा पद्मश्री पुरस्कार से हुए सम्मानित

अनार की खेती में उनके सराहनीय कार्यों के लिए साल 2009 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ किसान का प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। फिर वर्ष 2012 में उन्हें राज्य का सर्वश्रेष्ठ किसान पुरस्कार भी प्रदान किया गया। अब तक उन्हें कुल 7 दफा सर्वश्रेष्ठ किसान पुरस्कार हासिल हुआ है।

गेनाभाई पटेल की प्रधानमंत्री जी ने अपने भाषण में प्रशंसा की तथा पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी जी द्वारा उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से भी नवाज़ा गया। इस बारे में उन्होंने बताया कि एक दिन उन्हें दिल्ली से एक फ़ोन आया था। फ़ोन उठाने पर उन्हें सूचना दी गई कि उनको पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। वे कहते हैं कि पहले तो मैं उनकी बात समझ ही नहीं पाया था, बाद में मैंने अपने भाई को यह बात बताई। फिर वे आगे बताते हैं कि मेरे दोनों पैरों में विकलांगता है, फिर भी मैं पुरस्कार लेने दिल्ली गया था। पुरस्कार लेते वक़्त मुझे प्रसन्नता का अनुभव हुआ था। इतना ही नहीं, राजस्थान के तत्कालीनी मुख्यमंत्री अशोक गहेलोत द्वारा भी उन्हें अनार कि फ़सल के लिये 1 लाख रुपए का पुरस्कार प्राप्त हो चुका है।

वाकई में, गेनाभाई दरगाभाई पटेल (Genabhai Dargabhai Patel) ने अपनी दिव्यांगता को कमजोरी नहीं बल्कि अपनी ताकत बनाया और उसे कभी अपने कामयाबी के रास्ते में रोड़ा नहीं बनने दिया। उनकी हिम्मत और मेहनत से वे सैकड़ों किसानों के लिए एक मिसाल बन गए हैं।

यह भी पढ़ें
News Desk
News Desk
तमाम नकारात्मकताओं से दूर, हम भारत की सकारात्मक तस्वीर दिखाते हैं।

Most Popular